उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना घटी, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना रायबरेली के गुरुबख्शगंज थानाक्षेत्र में हुई, जहां एक मामूली कहासुनी के बाद पति ने अपनी पत्नी को डंडे से पीटना शुरू कर दिया।
सतांव ब्लॉक के थाना गुरुबख्शगंज स्थित पूरे खाले गांव निवासी अमरनाथ पुत्र पीतांबर ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। अमरनाथ के परिवार में मां और पत्नी रीना (38) समेत पांच बच्चे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार देर रात अमरनाथ भट्ठे से काम करने के बाद घर लौटा था। इसी बीच किसी बात को लेकर उसकी पत्नी रीना से कहासुनी शुरू हो गई। मामूली बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी आगे बढ़ी कि अमरनाथ ने डंडे से पत्नी रीना को पीटना शुरू कर दिया।
गुस्से से पागल अमरनाथ ने पत्नी को बीस मिनट तक डंडे से जमकर पीटा। इसमें वह बेसुध हो गई। माता-पिता में लड़ाई होते देख बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार और शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने अमरनाथ से डंडा छीना और उसे अलग किया। अमरनाथ को समझाने के बाद ग्रामीण अपने घरों को लौट गए। इस बीच रीना बेहोश हालत में पड़ी रही और रात में ही उसकी मौत हो गई।
सुबह जब अमरनाथ ने रीना को उठाना चाहा तो वह नहीं उठी। इसके बाद मामले की जानकारी पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस को सूचना दे दी। हत्या की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन मौके पर भारी फोर्स के साथ गुरुबख्शगंज थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद फोरेंसिंक टीम के साथ एएसपी आलोक कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल परिवार की ओर से किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस टीम अपनी जांच में जुटी है।
ग्रामीणों की मानें तो अमरनाथ और रीना की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। दोनों के पांच बच्चे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अमरनाथ ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है और शराब का आदी है। इतना ही नहीं, अमरनाथ की पत्नी भी शराब का सेवन करती थी। इसको लेकर आएदिन पति-पत्नी में झगड़ा होता था, लेकिन झगड़े में अमरनाथ पत्नी की हत्या करेगा, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। अब मारपीट में अमरनाथ की पत्नी की मौत होने से उसके पांच बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। रीना की मौत के बाद पांचों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एएसपी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन वहां रीना का पति अमरनाथ नहीं मिला। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि पत्नी की मौत होने के बाद जब ग्रामीण मौके पर इकट्ठा होने लगे तो अमरनाथ मौका देखकर घर से फरार हो गया। पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी है। हालांकि परिवार की ओर से किसी ने कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मामले में मुकदमा दर्ज कर अमरनाथ को गिरफ्तार किया जाएगा।
Comments ()
No comments yet. Be the first to share your thoughts!