रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे नब्बा सिंह का पुरवा गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब 60 वर्षीय फूल दुलारी पत्नी स्वर्गीय हुबलाल गौतम की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब फूल दुलारी अपने घर में बिजली के बोर्ड से पंखे का प्लग निकाल रही थीं। इसी दौरान खंभे से जुड़ा लोहे का सेफ्टी तार करंट की चपेट में था, जिससे वह तार छूते ही करंट की चपेट में आ गईं और तार से चिपक गईं। परिजनों और पड़ोसियों के पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। फूल दुलारी अपने 7 वर्षीय नाती अभय के साथ घर में रहती थीं, जबकि उनका बेटा संतोष अपनी पत्नी के साथ शहर में रहता है। घटना के समय घर में कोई बड़ा नहीं था। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है, कहा कि पिछले 12 सालों से बिजली का पोल मृतका के घर के बगल में लगे बबूल के पेड़ से टिका हुआ था, जिससे सेफ्टी तार महिला के घर तक गया था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पोल सही जगह लगाया जाता तो महिला की जान बच सकती थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
बिजली के बोर्ड से पंखे का प्लग निकालते समय बुजुर्ग महिला की करंट से मौत
Comments ()
No comments yet. Be the first to share your thoughts!