आगामी विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने देवीपाटन मंडल के विकास के लिए खजाना खोल दिया है। गोंडा, बलरामपुर बहराइच समेत मंडल के चारों जिलों में लोक निर्माण विभाग की कई कार्ययोजनाओं को शासन ने वित्तीय व प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। मंडल की 43 सड़कें चकाचक होगी। इसके साथ ही देवीपाटन मंडल में 12 लघु पुल व बॉक्स कलवर्ट निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है।
शासन से बजट जारी होने के बाद मंडल में 10.10 किलोमीटर लंबी 13 सड़कों पर लगभग 5.85 करोड़ रुपये से पुनर्निर्माण होगा। अब इन मार्गों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बेहतर होगा और कृषि कारोबार को रफ्तार मिलेगी। पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता योगेन्द्र सिंह ने बताया कि शासन ने मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द से जल्द सभी सड़कों को निर्माण शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले की 30 ग्रामीण सड़कों के कायाकल्प की राह खुल गई है। मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बीते दिनों 57.98 करोड़ की लागत से स्वीकृत इन सड़कों के लिए शासन से पहली किस्त के रूप में 19.47 करोड़ रुपये जारी होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ निर्माण शुरू होगा। सदर, मनकापुर और गौरा में छह-छह, जबकि कटरा, तरबगंज और करनैलगंज में चार-चार सड़कों का निर्माण होगा।
इनमें करनैलगंज विस क्षेत्र में दुल्लापुर-डीहा मार्ग पर 342.09 लाख रुपये और तरबगंज विस क्षेत्र में कादीपुर-चंदाकोट मार्ग पर 317.04 लाख रुपये की लागत आएगी। शासन की ओर से स्वीकृत सड़कों में मनकापुर विधानसभा क्षेत्र में गोपालपुर-छुटकापुरवा से कुलीबनकट सम्पर्क मार्ग 1.10 किमी का निर्माण 67.67 लाख रुपये की लागत से होगा। सोठिया से सुमेरपुर सम्पर्क मार्ग के निर्माण पर 25.19 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा करनैलगंज में सहजौरा मंगुरा से डोमाकल्पी शुक्लापुरवा सम्पर्क मार्ग 25.29 लाख रुपये से संवारा जाएगा। वहीं मंडल के अन्य विधानसभा क्षेत्रों उतरौला, बलरामपुर, तुलसीपुर और गैसड़ी क्षेत्र की 10 अन्य सम्पर्क मार्गों का भी कायाकल्प होगा।
उतरौला इलाके में हुसैनाबाद रामदीन इण्टर कॉलेज से मधुपुर, बलरामपुर में मुड़ाडीह से गुजरपुरवा और तुलसीपुर जरवा से लोकी खुर्द तक के मार्ग प्रमुख हैं। स्वीकृत सड़कों पर काम शुरू होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क और भी बेहतर होगा और किसानों को अपनी उपज (फल, सब्जी, अनाज) मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी। बभनजोत क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्र का सड़क का भी कायाकल्प होगा।
देवीपाटन मंडल में 12 लघु सेतु व बॉक्स कलवर्ट निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। कुल लागत 23.88 करोड़ है, इस पर चालू वित्तीय वर्ष में 4.77 करोड़ जारी कर दिए गए है। इसमें गोंडा को सर्वाधिक पांच पुल मिले हैं, जिन पर 10.58 करोड़ खर्च होंगे। मरचौर-गजसिंह व अल्लीपुर गोकुला में सोतिया नाले, चयपुरवा मार्ग पर टेढ़ी नदी, तुरकोली-धुसवा में नकहा व खड़ौवा में नरवा नाले पर पुल बनेंगे। बहराइच में 10.27 करोड़ से तीन व बलरामपुर में 4.71 करोड़ से चार कलवर्ट का निर्माण होगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!