प्रयागराज में रविवार रात से शुरू हुई जोरदार बारिश सोमवार सुबह भी जारी रही। शहर के तमाम इलाकों में पानी भर गया। पुराने शहर की सफाई व्यवस्था और जलभराव पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर तंज कसा। इस बीच, सरायममरेज में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। तेज हवा के कारण सरस्वती घाट स्थित एक छज्जा गिर गया। बारिश से बांदा, चित्रकूट के कई गांवों में पानी घुस गया है। फर्रुखाबाद-कन्नौज में बाढ़ कहर बरपा रही है।
लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया में मोहाना नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने से भारत-नेपाल सीमा पर बसे गांवों में हलचल मचने लगी है। खैरटिया के नयापिंड गांव के चारों तरफ बाढ़ का पानी भर गया है। इससे यहां के बाशिंदे नाव के जरिए ही गांव तक आ-जा पा रहे हैं। रननगर और खखरौला इलाके में भी नदी ने दस्तक दे दी है। बीते कई वर्षों से बार्डर पर बह रही मोहाना नदी नेपाली नदियों के साथ मिलकर भारतीय सीमा में बाढ़ और कटान करके कहर बरपाती आ रही है। इसे रोकने के सिंचाई विभाग तथा बाढ़ खंड द्वारा किए गए सारे प्रयास नाकाम हो चुके हैं। रविवार देर शाम मोहाना का जलस्तर बढ़ने से खखरौला एसएसबी कैंप के आगे पड़ने वाले रपटा पुल पर पानी चलने लगा। रननगर एसएसबी कैंप के पीछे भी नदी का पानी पहुंच चुका है। खैरटिया के नयापिंड गांव में गांव के घरों की दहलीज तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। यहां के बाशिंदे रोजमर्रा का सामान खरीदने के लिए नाव से आवागमन कर रहे हैं। यहां से तिकुनियां आदि कस्बों को पढ़ने जाने वाले तमाम स्कूली बच्चे भी नाव से ही आ-जा रहे हैं।
बिजुआ में शारदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से किनारे बसे गांवों में मुश्किलें बढ़ गई हैं। नदी का पानी करसौर सहित लगभग आधा दर्जन गांवों में घुस गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। करसौर, हजूर पुरवा, मिस्त्रिपुरवा,बेल्हा सिकटिहा और रुरा सुल्तानपुर जैसे कई गांवों में सड़कों पर पानी भर जाने से संपर्क प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों को आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करसौर गांव में शारदा नदी का पानी कई घरों तक पहुंच गया है।
कन्नौज में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। फतेहपुर में मूसलाधार बारिश से दर्जनों घर गिर गए। मां-बेटा घायल हो गए। महोबा में जोरदार बारिश से रपटा डूब गया और आठ गांवों का संपर्क कट गया। बीते 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 147.2 मिलीमीटर वर्षा सोनभद्र के चुर्क में दर्ज की गई। इसके अलावा बरेली के बहेड़ी में 141, प्रयागराज के कोरांव में 126, रायबरेली में 88.4, खीरी के महोम्मदी में 84, शाहजहांपुर में 80.2, मुजफ्फरनगर में 76.2, अयोध्या में 75 मिलीमीटर वर्षा हुई। उन्नाव में 72 और झांसी में 63.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
अमौसी स्थित यूपी-उत्तराखंड के मौसम मुख्यालय के अनुसार वायुमंडल के निचले क्षोभमंडल में पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं उत्तरी हरियाणा पर अलग-अलग चक्रवाती परिस्थितियां बन गई हैं। साथ ही मानसूनी ट्रफ लाइन का पश्चिमी छोर अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर में हिमालय की तराई की ओर खिसककर फिरोजपुर, मुज़फ्फरनगर, गोरखपुर, मुंगेर होते हुए उत्तरी-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक जा रहा है। दूसरी ओर उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, उड़ीसा के तट के ऊपर बना अवदाब उत्तर पश्चिम में आगे बढ़ सकता है। ऐसे में पूरे प्रदेश में 19 से 23 तारीख तक भारी वर्षा की संभावना है।
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आस पास के क्षेत्र्।
प्रतापगढ़, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर एवं आस पास के क्षेत्र ।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!